इटावा। शुक्रवार रात शहर में मूसलाधार बारिश हुई। हालांकि मौसम वैज्ञानिक दस जून के बाद बारिश होने की संभावना जता रहे थे। पिछले कई दिनों तक तपिश भरी गर्मी के बाद बृहस्पतिवार से बदली और हवाएं चलने से भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली थी। शुक्रवार को दिन भर हल्की धूप की वजह से उमस से बेचैन रहे लोगों को उम्मीद नहीं थी कि रात में बारिश हो भी सकती है।
शुक्रवार रात आंधी के साथ हुई बारिश से शहरी लोगों को गर्मी से जरूर कुछ राहत मिली हो, लेकिन रात में लोगों के घरों में होने की वजह से बारिश का अंदाजा नहीं लग सका।
बारिश के कारण शहर में कई घंटों तक बिजली बंद रही। ऐसे में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से कूलर और पंखे नहीं चल सके।
ऐसे में मच्छरों ने परेशानी बढ़ाने में कसर नहीं छोड़ी। सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार सुबह भी आसमान पर बदली रही।
दोपहर में आसमान कुछ देर साफ रहने के बाद फिर से ऐसी बदली छाई की बस जोरदार बारिश होने वाली है। हालांकि बूंदाबांदी होने के कुछ देर बाद मौसम साफ हो गया। मौसम में होने वाले उतार चढ़ाव की वजह से अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा।