कस्बा बसरेहर में जाम में फंसे वाहन
- फोटो : ETAWHA
इटावा। कस्बा बसरेहर में लोग आए दिन जाम के झाम से झूल रहे है। मंगलवार को करीब चार घंटे तक लगे जाम से वाहन सवार, एंबुलेंस सवार मरीज और स्कूली बस में सवार बच्चे भूख और प्यास के अलावा ठंड से परेशान रहे। लोग ही नहीं बल्कि एक एंबुलेंस और स्कूली बसें भी फंसी रही। मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे से लगा जाम शाम पांच बजे तक लगा रहा। व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक पोरवाल का आरोप है कि पुलिस के न होने की वजह से जाम जल्द न खुल सका। इस वजह से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
कस्बा बसरेहर में लगे जाम से पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिली। स्कूल के वाहन में बैठे जो स्कूल के बच्चे भूख-प्यास से परेशान रहे। जबकि जाम में फंसी एंबुलेंस में लोहिया कला पर बाइक के कुत्ते में टकराने से बाइक सवार दो घायल शिक्षक थे। इन्हें एंबुलेंस 108 को दुकानदारों के सहयोग से दूसरे रास्ते से निकलवाया गया लेकिन पुलिस कहीं भी नजर नहीं आई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक पोरवाल का कहना है कस्बा में एक एसआई और दो कांस्टेबल लगाए जाएं। कहा कि जो लोग सड़क पर अपने चार पहिया वाहन खड़ा करके दुकानदारी करते हैं उसी की वजह से आए दिन जाम लगता रहता है। कस्बा में जाम की समस्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और कस्बा से अगर कोई नेता या अधिकारी निकलता है तो यही पुलिस जाम नहीं लगने देती। कहा कि व्यापार मंडल की ओर से मांग है कि कस्बा को जाम से मुक्त किया जाए। मांग करने वालों में महामंत्री लतीफ खां मंसूरी, आनंद पोरवाल आदि शामिल हैं।