महोत्सव के मंच पर रविवार को स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा का आयोजन हुआ। सुबह से लेकर शाम तक महोत्सव के मंच से प्रतिभागी बच्चे हुनर का प्रदर्शन करते रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दीप प्रज्ज्वलित करके की। सीनियर और जूनियर वर्ग में अर्चना मेमोरियल इंटर कालेज ने जीत हासिल की।
सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल सिंह यादव के संरक्षण में आयोजित इस प्रतिस्पर्धा में इटावा, औरैया, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज तथा एटा सहित छह जिलों के स्कूली छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी प्रतिभागी बच्चों की हौसलाअफजाई की।
प्रतिस्पर्धा की शुरुआत में असित इंटर कालेज गंगापुरा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद रंगबिरंगी लाइटों के बीच बच्चों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दी। किसी ने राधा-कृष्ण के रूप में गोपियों के साथ मयूर नृत्य किया तो किसी ने फूलों की होली खेली।
जूनियर वर्ग में अर्चना मेमोरियल ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए विजेता राशि एक लाख रुपये और शील्ड हासिल की। द्वितीय मदन मोहन पब्लिक स्कूल करहल मैनपुरी को पचास हजार रुपये तथा शील्ड मिली। तृतीय स्थान पाने वाले कु. आरसी इंटर कालेज मैनुपरी को विजेता राशि पच्चीस हजार रुपये व शील्ड प्राप्त हुई।
इस तरह सीनियर वर्ग में अर्चना मेमोरियल ने प्रथम स्थान, एसएस मेमोरियल सैफई ने द्वितीय तथा मदनमोहन स्कूल करहल मैनपुरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम विजेता को एक लाख, द्वितीय को पचास हजार तथा तृतीय को पच्चीस हजार रुपये व शील्ड दी गई। सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक खुद प्रो. रामगोपाल यादव पंडाल में मौजूद रहे। अंत में विजेताओं को मुख्यमंत्री की पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव ने पुरस्कृत किया। संचालन कर्मराज यादव एवं डा. आनंद ने किया।