बकेवर। 33 केवी की लाइन में फॉल्ट आने बकेवर कस्बा और दोनों उपकेंद्रों के क्षेत्रों में सोमवार को साढ़े छह घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। बारिश के कारण पेट्रोलिंग में दिक्कतें आईं, करीब साढ़े छह घंटे बाद दोपहर दो बजे आपूर्ति बहाल हुई। ग्रामीण क्षेत्र के फीडरों की पेट्रोलिंग अभी भी जारी है। वहीं, बकेवर क्षेत्र के करीब 100 गांवों में सुबह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीणों को पेयजल किल्लत के साथ मोबाइल चार्ज करने में भी समस्या हुई।
बकेवर में बिजली घर परिसर में दो बिजली उपकेंद्र हैं। एक उपकेंद्र ग्रामीण को और दूसरा बकेवर को बिजली आपूर्ति करता है। दोनों उपकेंद्रों को टकरुपुर 132 ट्रांसमिशन से बिजली मिलती है। टाउन के उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पहले से खराब थी। इसलिए ग्रामीण बिजली उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी की लाइन से ही उसे जोड़ा गया था।
रविवार रात से हो रही बारिश के बीच सोमवार सुबह करीब सात बजे 33 हजार की लाइन में फॉल्ट आ गया। इसके चलते पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार बारिश होने से फॉल्ट खोजने में काफी समस्या आई। बिजली न आने से इन गांवों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लगभग साढ़े छह घंटे बाद दोपहर दो बजे फॉल्ट ठीक होने के बाद बिजली आई। कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।