इकदिल। मंगलवार दोपहर ढाई बजे तेज आंधी और बारिश के बीच कस्बे के बिजली सबस्टेशन पर लगे आठ एमवीए ट्रांसफार्मर पर बिजली गिर गई। ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। दोपहर को गई बिजली देर शाम तक नहीं आ सकी। इसके चलते कारखानों का कामकाज प्रभावित रहा।
ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने की जानकारी होने पर बारिश बंद होते ही बिजली विभाग की टीम ने मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। बिजली विभाग की टीम देर शाम तक ट्रांसफार्मर को ठीक करने में जुटी रही लेकिन इसके बाद भी देर शाम तक कस्बे की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इस संबंध में एसडीओ प्रेमचंद ने बताया कि ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सप्लाई बहाल करने में समय लग सकता है। वहीं कस्बे के लोगों ने जल्द-से-जल्द बिजली आपूर्ति शुरू किए जाने की मांग की।