समाजवादी पार्टी ने इटावा जिले की आठ में सात सीटों पर ब्लॉक प्रमुख पद पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। बसपा से आए दोहरे की पत्नी पवित्रा दोहरे को सबसे बड़े ब्लॉक महेवा से प्रत्याशी बनाया गया है। मुलायम सिंह के भाई की बहू और लालू की समधन मृदुला लगातार दूसरी बार सैफई से चुनाव लड़ेंगी। जसवंतनगर से प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है।
सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की ओर से जारी सूची में सात प्रत्याशियों में चार महिलाएं हैं। सैफई ब्लॉक से एक बार फिर मृदुला यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। वह सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजे स्वर्गीय रणवीर सिंह की पत्नी हैं। मृदुला के पुत्र तेज प्रताप यादव मैनपुरी सीट से सांसद रह चुके हैं। वह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के दामाद भी हैं।
106 क्षेत्र पंचायत सदस्यों वाले ब्लॉक महेवा से जितेंद्र दोहरे की पत्नी पवित्रा दोहरे को प्रत्याशी घोषित किया गया है। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेेंद्र 14 नवंबर 2020 को सपा में शामिल हुए थे। पवित्रा ने सपा के पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया की बेटी शैलशिखा के खिलाफ चुनाव जीता है। ताखा ब्लॉक से सेवानिवृत्त शिक्षक अजय यादव की पत्नी शशि प्रभा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। शशिप्रभा के देवर अवनी यादव मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।