सैफई में दुकान के बाहर चर्चा करते लोग
- फोटो : ETAWAH
इटावा। सोमवार को चारों और विधानसभा चुनाव में हार-जीत को लेकर शर्तें लगती रहीं। गली-मोहल्ले से लेकर चाय-पान की दुकानों पर चुनावी चर्चा होती रही। प्रत्याशी और उनके समर्थक भी मतदान की समीक्षा करते रहे।
कचहरी में अधिवक्ताओं के चेंबरों में चुनाव परिणाम को लेकर चखचख होती रही। मतदान के बाद लोग एक-दूसरे से फोन के जरिए चुनावी हाल चाल ले रहे थे। लोग जीत- हार को लेकर शर्त लगाते रहे। महेवा संवाद के मुताबिक मतदान के बाद भरथना सीट पर हार-जीत के कयास लगने शुरू हो गए हैं। इस सीट पर सपा, बसपा और भाजपा में त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। सोमवार को कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह जगह लोग राजनीतिक चर्चा करते रहे। चाय की दुकान पर बैठे सपा कार्यकर्ता जीतू ठाकुर, पंकज भदौरिया, मिथुन पांडेय, अन्नू पाल का दावा है कि सपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। भाजपा नेता व पूर्व प्रधान दिवाकर पांडेय व पंकज मिश्रा का कहना है कि भाजपा प्रत्याशी को हर वर्ग व जाति का वोट मिला है। इसलिए उनकी जीत पक्की है। बसपा नेता हरनाम व सोनू का कहना है कि इस बार बसपा का प्रत्याशी ही विधानसभा में भरथना का प्रतिनिधित्व करेगा।
चकरनगर संवाद के मुताबिक मतदान के बाद समर्थकों ने अपने प्रत्याशियों की जीत व हार का आंकड़ा लगाना शुरू कर दिया। बीहड़ी अंचल में तो मतदान खत्म होते ही शाम को ही लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए थे। कोई समर्थक अपन प्रत्याशी को जातीय आंकड़ों से जिता रहा है तो कोई मुद्दों के आधार पर वोटिंग होने का दावा कर रहा है। सैफई संवाद के मुताबिक गली और चाय की दुकानों पर सुबह से ही लोगों में चुनाव पर ही चर्चाएं हो रही हैं। गोल चक्कर सैफई के पास चाय की दुकान पर चर्चा में शिवपाल यादव की जीत के कयास लग रहे थे।
सैफई में चाय की दुकान पर मौजूद कुलदीप कुमार और नारद यादव का भी यही दावा रहा। कुछ लोग अन्य दलों के प्रत्याशियों को भी मुकाबले में मान रहे हैं तो कुछ लोग जमानत जब्त होने की बात कह रहे थे। सुबह आठ बजे एसएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल सैफई में प्रसपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ रही।