महेवा में मृतक पुष्पेंद्र के परिजनों से मिलने पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव एवं पूर्व सांसद ?
- फोटो : ETAWHA
इटावा। पुष्पेंद्र दोहरे की मौत के बाद उनके घर सांत्वना देने पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि पुष्पेंद्र दोहरे की मौत पुलिस की ठोको नीति अभियान का एक हिस्सा है। पुलिस निरंकुश होती जा रही है। दलितों मजलूमों व कमजोर वर्गों के लोगों पर अत्याचार चरम पर है। सपा सत्ता में आई तो पूरा हिसाब चुकता किया जाएगा ।
उन्होंने कहा पुलिस ने पुष्पेंद्र कांड में जो अमानवीय चेहरा दिखाया वह शर्मनाक है। उसकी पत्नी और मां को मरने के बाद चेहरा तक नहीं देखने दिया। 19 अगस्त को महेवा चौकी पुलिस पुष्पेंद्र के घर उसे पकड़ने के लिए दबिश देने गई थी। जहां उसने पुलिस से बचने के लिए अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर लिया था। इसके बाद उसे पीजीआई सैफई में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। उन्होंने प्रदेश सरकार से एक करोड़ रुपये की सहायता राशि तथा पुष्पेंद्र की पत्नी रुचि को सरकारी नौकरी देने के साथ-साथ घटना की न्यायिक जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा मृतक पुष्पेंद्र दोहरे के परिवार को यदि न्याय न मिला तो समाजवादी पार्टी इस पूरी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएगी। पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
इस अवसर पर सपा नेता कमलेश कठेरिया, समाजवादी महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष लीलावती राजपूत, उपाध्यक्ष सरिता यादव, प्रदेश सचिव भूपेंद्र सिंह दिवाकर, डॉ. जय सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।