जसवंतनगर। कस्बे के मोहल्ला लुधपुरा स्थित जैन मंदिर के सामने बच्चों को पोलियो अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिया जाने वाला वैक्सीन बॉक्स घंटों तक बिना किसी स्वास्थ्यकर्मी की निगरानी के पड़ा दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसे स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार टीकाकरण कार्य के लिए लाया गया वैक्सीन बॉक्स सुबह को कर्मचारी जैन मंदिर के सामने बनी पटिया पर रखकर चला गया। काफी देर तक वहां कोई स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंचा। इस पर क्षेत्र के लोगों ने सीएचसी प्रभारी को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद शाम को वैक्सीन बॉक्स को उठवाया गया। लोगों का कहना है कि वैक्सीन को दिन भर धूप में पड़ा छोड़ देना गंभीर मामला है। जिस किसी कर्मचारी ने यह लापरवाही की है उसपर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं मामले पर सीएचसी प्रभारी डॉ. वीरेंद्र ने बताया कि कर्मचारी से भूल से वेक्सीन बॉक्स उस स्थान पर छूट गया था। जब जानकारी हुई तो टीम भेजकर उसको उठवा लिया गया।