ऊसराहार। थाना क्षेत्र में खाद विक्रेता के साथ हुई 40 लाख रुपयों की लूट की घटना में तीसरे दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका। जहां पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है, वहीं व्यापारी का कहना है कि लूट की घटना में बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली यदि उन्हें लग जाती तब शायद पुलिस घटना को सही मानती। वहीं पीड़ित व्यापारी के भाई का आरोप है कि पुलिस ने बैग गिरने की रिपोर्ट लिखवाने के लिए कहा था।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के ताखा-बरौना कलां मार्ग पर निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नजदीक बुधवार को ताखा चौराहे पर खाद की दुकान किए व्यापारी हरेंद्र यादव को बदमाशों ने उस समय लूट लिया था जब वे दुकान बंद कर बाइक से गांव विरतिया जा रहे थे। व्यापारी पर बदमाशों ने फायर भी कर दिया। हालांकि वे अंधेरा होने की वजह से बच गया, लेकिन बदमाश व्यापारी की बाइक में लॉक लगाकर चाबी और बैग लेकर भाग गए, जिसमें 40,700 रुपये और कागजात थे।
घटना के समय फायर की आवाज सुनकर खेतों पर छुट्टा जानवरों से सुरक्षा के लिए मौजूद किसानों के आ जाने से व्यापारी की जान बच गई। घटना के बाद व्यापारी हरेंद्र बेहोश हो गया जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसईनावार में किया गया। मौके पर जाकर पुलिस ने भी जांच की थी। व्यापारी ने तहरीर पुलिस को दे दी है, लेकिन पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
पुलिस ने बैग गिरने की रिपोर्ट लिखवाने को कहा
पीड़ित व्यापारी हरेंद्र के भाई इंदल सिंह ने आरोप लगाया कि ऊसराहार पुलिस ने उनसे बैग गिर जाने की रिपोर्ट लिखवाने को कहा था। इससे उन्होंने इनकार कर दिया। चूंकि घटना के बाद पीड़ित व्यापारी बेहोशी की हालत में था वह यह बता पाने की स्थिति में भी नहीं था कि बैग में क्या-क्या था। हमने पुलिस से हरेंद्र के होश में आने के बाद तहरीर देने की बात कही थी।
20 मीटर दूर डेढ़ माह पूर्व हुई थी हत्या
खाद व्यापारी को जिस स्थान पर बदमाशों ने लूट का शिकार बनाया उसी स्थान से मात्र 20 मीटर दूर विगत 13 जून को आलमपुर बिलौली के युवक दयाशंकर शाक्य को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अभी पुलिस सभी आरोपियों को घटना के दो माह बाद भी पकड़ नही सकी थी कि एक और घटना में व्यापारी को लूट लिया गया। व्यापारी मिलाप यादव आदि ने पुलिस पिकेट पर भी सवाल उठाए हैं और व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिल कौशल, रवि वर्मा, रवि चक्रवर्ती ने व्यापारी को सुरक्षा और मुकदमा दर्जकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।