जसवंतनगर। कस्बे में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर शनिवार को थाना सभागार में व्यापार मंडल की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। थानाध्यक्ष कमल भाटी की अगुवाई में पुलिस ने रविवार सुबह विशेष अभियान चलाया। इसमें सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। करीब 12 ई-रिक्शा और 50 बाइकों का चालान काटे गए।
पुलिस ने बाजार क्षेत्र से ऐसे ठेलों को हटवाया जो सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न कर रहे थे। जो दुकानदार और ठेला संचालक आगे बढ़कर सड़क पर सामान रखे हुए थे, उन्हें भी सख्त चेतावनी देते हुए तुरंत हटवाया गया। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने कहा कि अगली बार सड़क पर अतिक्रमण या अव्यवस्थित तरीके से सामान मिला तो उसे जब्त किया जाएगा। अभियान के दौरान पुलिस ने लगातार मुनादी कर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी ठेले को सड़क पर खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।