एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि महिलाएं सुरक्षा के लिए इटावा हेल्पलाइन साफ्टवेयर का उपयोग करें। उन्होंने महिलाओं को इस साफ्टवेयर को डाउनलोड कर इस्तेमाल करने की जानकारी दी।
एससपी टीचर्स क्लब उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में शनिवार को माउंट लिट्रा जी स्कूल में आयोजित महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण कार्यक्रम में बतौर अतिथि बोल रही थीं। एसएसपी मंजिल सेनी ने महिला सशक्तीकरण पर कहा कि सशक्तीकरण कार्यक्रम मंच से निकालकर प्रैक्टिकल रूप में क्रियान्वित किया जाए। संगठनों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाई जाए। घर के लड़कों को महिलाओं का सम्मान करना सिखाया जाए ।
उन्होंने बताया कि सशक्तीकरण कार्यक्रम के लिए वैचारिक बदलाव की आवश्यकता है। साथ ही आम जनमानस पुलिस के साथ मिलकर काम करें। उन्होंने 1090 पुलिस हेल्प लाइन की व्यवस्था बताई और महिलाओं को एसओएस इटावा हेल्प लाइन साफ्टवेयर को डाउन लोड कर उसके उपयोग की जानकारी दी। बताया कि इसकी एक बटन से पीड़ित की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम में पहुंचती है।
टीचर्स क्लब के महामंत्री अवनींद्र सिंह ने महिलाओं को दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों के लिए कई सुरक्षा के उपाय बताए। साथ ही सुरक्षा से जुड़े कई सॉफ्टवेयर की जानकारी दी। जायंट्स क्लब की अध्यक्ष मीरा अग्रवाल ने महिलाओं को बच्चों के नैतिक विकास पर विशेष जोर दिया। साथ ही समाज में बेटियों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने की जिम्मेदारी निभाने पर बल दिया। कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय कृपालपुर के बच्चों ने नारी के ऊपर लघु नाटिका प्रस्तुत की। सैफई की अध्यापिका ऋचा राय और पारुल गुप्ता ने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा में कार्यरत अध्यापिकाओं, बच्चों के अभिभावक और नगर से 700 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। क्लब के अध्यक्ष शशिभूषण सिंह, जिला संयोजक प्रांजल कुमार दुबे और महामंत्री अवनींद जादौन ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन ललित सक्सेना ने किया।
कार्यक्रम में जायंट्स ग्रुप की मीरा अग्रवाल, श्याम किशोर राजपूत, मुकेश बाबू, अनूप दीक्षित, मुकेश बाबू, नागेंद्र कुमार, संदीप कठेरिया, विजय तिवारी, राजेश जादौन, अरुण पांडेय , अनवार अहमद , अभिलाषा दुबे, मंजू यादव, मीनाक्षी पांडेय, अर्चना चौधरी आदि ने विशेष सहयोग किया। स्कूल प्रबंधक अतिवीर यादव और प्रधानाचार्य डा. धर्मेंद्र शर्मा ने आभार जताया।