आईजी कार्यालय स्थित एक ‘नंबर भरोसे का’ पर शनिवार को चार शिकायतें दर्ज कराई गईं। चारों का तुरंत निस्तारण किया गया है। संबंधित थाना प्रभारी द्वारा आईजी कार्यालय स्थित पब्लिक ग्रेवांस मैनेजमेंट सिस्टम में नोट कराई गई।
शिकायत कर्ता धर्मेद्र ने बताया कि कुछ लड़कों ने 15 दिन पूर्व आग लगा दी थी लेकिन पुलिस ने सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायत संबंधित थानाध्यक्ष को पहुंचाई गई तो पुलिस ने तत्काल छानबीन शुरू कर दी। कोतवाली क्षेत्र के एक शिकायतकर्ता ने अपने दर्ज मामले में कोई कार्रवाई न करने की शिकायत की थी।
इस पर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रकरण में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई है। विवेचना पुन: शुरू कराई जा रही है। एक महिला ने शिकायत की थी कि उसके पति दूसरी शादी कर रहे हैं जबकि उसका मेंटीनेश का मामला विचाराधीन है। प्रभारी निरीक्षक द्वारा बताया गया कि शिकायत झूठी है।
कोतवाली क्षेत्र के संजय वर्मा ने शिकायत की कि पुलिस उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही। उल्टे उनके ऊपर ही मामला दर्ज किया जा रहा है। थानाध्यक्ष द्वारा बताया गया कि उनका तीन भाईयों में मकान और दुकान को लेकर विवाद है। समाधान दिवस में समझौता कराने का प्रयास किया गया लेकिन समझौता नहीं हो सका।
तीनों पक्षों के खिलाफ शांति व्यवस्था के लिए 107/116 की कार्रवाई की गई है। एसएसपी डा. राकेशसिंह ने बताया कि सभी थानाध्यक्ष शिकायतों का तुरंत निस्तारण करें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।