इटावा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस सतर्कता बढ़ाए और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखे। महिला एवं बालिका संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित डीटीयू सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में दिए।
एसएसपी ने अपराधों की समीक्षा करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और आईजीआरएस शिकायतों का समय पर समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने थाना प्रभारियों को नियमित गश्त और प्रभावी पुलिस प्रबंध बनाए रखने के निर्देश दिए।
मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत महिला बीट अधिकारियों और एंटी रोमियो स्क्वाड को महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ई-साक्ष्य, सीसीटीएनएस, ऑपरेशन कन्विक्शन और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई।
गोष्ठी में एसपी सिटी बबीता सिंह, एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र, एसपी क्राइम संतोष कुमार सिंह, सीओ और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।(संवाद)