योजनाओं पर ठीक से अमल हुआ तो पुलिस विभाग की सूरत बदल जाएगी। प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग को करोड़ों रुपये की सौगात दी है।
इन
रुपयों से न केवल पुलिस लाइन में विकास कार्य कराए जाएंगे, बल्कि थानों और
कोतवाली का भी विकास होगा। इसके अलावा क्राइम ब्रांच को हाइटेक दफ्तर
मिलेगा। शासन से स्वीकृति मिलते ही विभागीय अफसर निर्माण कार्य जल्द से
जल्द कराने के प्रयास में हैं।
प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग को
लाखों रुपये के विकास कार्यों का तोहफा दिया है। वर्षों से विकास का इंतजार
कर रहे इस विभाग में कई कार्य होंगे। शासन से हरी झंडी के बाद अधिकारी
निर्माण कार्य जल्द से जल्द कराने के प्रयास में जुटे हैं। अफसर कार्यदायी
संस्थाओं के संपर्क में हैं।
उम्मीद है कि जल्द से जल्द निर्माण
कार्य शुरू हो जाएंगे। निर्माण कार्यों में पुलिस लाइन परिसर में क्राइम
ब्रांच के लिए हाइटेक दफ्तर का निर्माण होगा।
लैब के साथ ही आधुनिक
संसाधन जुटाए जाएंगे। इससे क्राइम ब्रांच को मजबूती मिलेगी और आपराधिक
वारदातों का खुलासा करने में सहयोग मिलेगा। दफ्तर में आधुनिक संसाधनों के
साथ फोरेंसिक टीम को शिफ्ट किया जाएगा।
पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड
के पास 160 लाख रुपये की लागत से चार कमरों का गेस्ट हाउस बनाया जाएगा। साथ
ही परेड ग्राउंड में हरी घास लगाने के साथ ही सैल्यूटिंग बेस और झंडा बेस
बनेगा। ग्राउंड से लेकर गेट तक रेलिंग लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
पुलिस
लाइन के मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक दो किमी सड़क का निर्माण 130 लाख
रुपये की लागत से कराया जाएगा। सड़क बनने से पुलिसकर्मियों को बारिश में
होने वाले जलभराव से मुक्ति मिलेगी।
पुलिस लाइन परिसर में बने
पुराने पुलिस क्लब का जीर्णोद्धार होगा। साथ ही पुलिस लाइन सभागार का भी
जीर्णोद्धार कराया जाएगा। बुलेट प्रूफ गाड़ियों के लिए गेस्ट हाउस का
निर्माण 35 लाख रुपये से कराया जाएगा।
सैफई थाने में भी विकास
कार्य कराए जाएंगे। सैफई थाना परिसर में बहुउद्देशीय हाल का निर्माण कराया
जाएगा। साथ ही थाना परिसर की जमीन पर इंटरलाकिंग का कार्य होगा।
इसके अलावा 24 व्यक्तियों के रहने के लिए यहां ट्रांजिट हास्टल बनेगा। शहर में अधिकारियों के पांच आवासों का निर्माण होगा।
जिले
के 13 थानों की बाउंड्रीवाल के निर्माण को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। अब
शासन ने थाना और चौकी के लिए बिल्डिंग बनाने की मंजूरी दी है। 65 लाख
रुपये की लागत से नवसृजित फ्रेंड्स कालोनी थाना के लिए बिल्डिंग का निर्माण
कराया जाएगा। साथ ही लायन सफारी में रिपोर्टिंग चौकी का निर्माण कराया
जाएगा।
शासन से कई निर्माण कार्यों को मंजूरी मिल गई है।
निर्माणदायी संस्थाओं से पत्राचार किया जा रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य
शुरू हो जाएंगे। लायन सफारी में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का निर्माण होगा।
--मंजिल सैनी, एसएसपी इटावा