इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने शनिवार देर रात पचावली चौराहे के पास से ऑटो सवार चार शातिरों को पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि चोर सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों से बैटरी व डेक (म्यूजिक सिस्टम) चोरी करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से चोरी का ऑटो, एक तमंचा, चाकू व दो कारतूस बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात पुलिस टीम पचावली चौराहे के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक ऑटो कुनैरा गांव की ओर से आता दिखा।
पुलिसकर्मियों ने रोकने का इशारा किया लेकिन चालक ऑटो को मोड़कर भागने लगा। इस पर पुलिस ने घेराबंदी करके ऑटो को पकड़ लिया। उसमें चालक समेत चार लोग सवार थे।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम आजाद नगर टीला निवासी फैसल, नौरंगाबाद निवासी राजा, आरटीओ ऑफिस स्थित कांशीराम कालोनी निवासी विकास माथुर उर्फ कंप्यूटर व इमरान बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस व चाकू समेत चोरी का ऑटो बरामद हुआ।
सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को बनाते थे निशाना
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह लोग सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों का लॉक खोलकर उसमें से बैटरी, डेक आदि सामान चोरी कर लेते थे। यदि मौका मिला, तो वह वाहन भी चोरी कर लेते थे। बरामद ऑटो आरोपियों ने आजाद नगर टीला में आरिफ की टाल के पास से चोरी किया था।