कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा कपूर चंद्र पुरबियाटोला में डा. सदाशिव वर्मा के साथ घर के बाहर आधा किलो सोने के जेवर लूट के मामले में पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। गुरुवार को पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई सफलता हासिल नहीं हुई। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
डा. सदाशिव वर्मा का बैक ऑफ बड़ौदा में लॉकर है। बुधवार की दोपहर डा. वर्मा ने बैंक के लॉकर से जेवरात निकाले थे। जेवरों को स्कूटर की डिग्गी में रखने के बाद वह घर के ओर चले थे। जैसे ही वह घर के समीप गली में पहुंचे और स्कूटर की डिग्गी से जेवरों से भरा बैग निकाला तभी बाइक पर सवार दो लुटेरे उनका बैग लूटकर फरार हो गए।
लूट का शिकार हुए डाक्टर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आकर छानबीन की। डाक्टर ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। घटना को हुए चौबीस घंटे बीत चुके हैं मगर लुटेरे अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस लुटेरों की तलाश में छानबीन कर रही है। पुलिस का मानना है कि लुटेरे डाक्टर के पीछे बैंक से ही लग गए थे।
पुलिस ने बैक में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे। पुलिस ने इस संबंध एक युवक को हिरासत में भी लिया है। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि डाक्टर की तहरीर पर दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लुटेरों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अपने मुखबिरों का भी जाल बिछा दिया है।