मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट लॉयन सफारी में गुजरात से एक जोड़ी शेर और चार शावक लाए जाएंगे। प्रदेश के वन्य जीव एवं युवा कल्याण मंत्री फरीद महफूज किदवई ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जब वह यहां अगली बार आएंगे तो आपको चार शावक मिलेंगे। उन्होंने बताया कि अगले साल लॉयन सफारी आम पब्लिक के लिए खोल दी जाएगी।
गुरुवार को वन्य जीव एवं युवा कल्याण मंत्री फरीद महफूज ने लॉयन सफारी का जायजा लेने के साथ ही डीएफओ कन्हैया पटेल और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पिकनिक स्पॉट और ब्रीडिंग सेंटर का निरीक्षण करने के बाद वह चंबल सेंचुरी क्षेत्र का जायजा लेने गए।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सफारी के अंदर तेजी से काम हो रहा है। अगले साल तक इसे शुरू कर दिया जाएगा। सभी काम तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। अगली बार जब वह यहां आएंगे तो शेर के जोड़े के साथ कम से कम चार शावक जरूर दिखाएंगे।
उन्होंने बताया कि सफारी में शेरों की देखभाल के लिए गुजरात के एक रिटायर्ड वेटनरी चिकित्सक की सेवाएं ली जा रही है। यहां पहले से एक चिकित्सक डा. अरविंद त्रिपाठी तैनात हैं। एक अन्य डाक्टर के आने से दो चिकित्सक हो गए है।
तेंदुआ, लकड़बग्घा भी बढ़ाएंगे शोभा
वन्य जीव एवं युवा कल्याण मंत्री ने बताया कि लॉयन सफारी में तेंदुआ, लकड़बग्घा, हिरन आदि अन्य जानवरों को भी लाने की तैयारी चल रही है। इसमें कहीं से कोई रुकावट नहीं है। वन्य मंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है बल्कि इटावा के लोगों के लिए भी गर्व की बात है।