शिकोहाबाद से किराए पर आटो बुक करके सैफई आ रहे लुटेरों ने चालक को मारपीट कर रास्ते में फेंक दिया और आटो लूटकर फरार हो गए। चौबिया थाना पुलिस ने रात को गश्त के दौरान जब आटो को रोकने का प्रयास किया तो लुटेरे भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर लुटेरों को आटो समेत गिरफ्तार कर लिया।
एटा रोड शिकोहाबाद निवासी दीपू पुत्र रामजी लाल किराए का आटो चलाता है। बुधवार की शाम दो युवकों ने सैफई जाने के लिए आटो किराए पर बुक किया। भाड़ा तय करने के बाद वह आटो में सवार होकर चल दिए। रास्ते में आटो में सवार युवकों ने दीपू के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने दीपू के हाथ पैर बांध दिए और दिहुली के पास फेंककर आटो लूटकर भाग निकले। इधर चौबिया थाना पुलिस बुधवार की रात गश्त कर रही थी। उन्हें रात के समय आटो आता दिखाई दिया। सिपाहियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, मगर आटो में सवार लुटेरों ने रफ्तार तेज कर दी।
इसके बाद पुलिस ने जीप से बदमाशों का पीछा किया और बसरेहर के पास आटो समेत दबोच लिया। पूछताछ करने पर पकड़े गए युवकों ने अपने नाम राहुल पुत्र सुरेश यादव निवासी धनुआं थाना जसवंतनगर, पुत्ती पुत्र लालसिंह निवासी बटपुरा थाना सैफई बताया। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वह आटो लूटकर भाग रहे थे।
थानाध्यक्ष चौबिया ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शिकोहाबाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। गुरुवार को आटो चालक दीपू भी चौबिया थाने पहुंचा और दोनों बदमाशों की पहचान की। आवश्यक कार्यवाही के बाद पकड़े गए लुटेरों को जेल भेज दिया।