इकदिल थाना क्षेत्र बुआपुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे गुरुवार को बीएसएफ के एक जवान का शव मिला। पुलिस ने मृतक के पास मिले कागजों के आधार पर घटना की जानकारी अफसरों को दी। मथुरा से आए बीएसएफ के जवान और परिजनों ने पोस्टमार्टम में देरी होने पर नाराजगी जताई।
बाद में एसओ इकदिल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों व जवानों को शांत कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन व बीएसएफ के जवान उसके शव को लेकर रवाना हो गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि चलती ट्रेन से गिरकर बीएसएफ जवान की मौत हुई है। हरियाणा प्रांत के झज्जर जिले के बरहाना गांव निवासी अनिल कुमार (40) पुत्र रामहेत 81 बटालियन बीएसएफ में था।
इस समय उसकी तैनाती पश्चिम बंगाल में थी। वह छुट्टी लेकर अपने गांव किसी ट्रेन से जा रहा था। गुरुवार सुबह इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम बुआपुर के समीप लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा। स्टेशन मास्टर का मेमो मिलने के बाद इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने हादसे की जानकारी उसकी कंपनी को दी। जानकारी मिलने पर मथुरा से बीएसएफ के उपनिरीक्षक एके शर्मा व बलवीर सिंह अपने साथियों के साथ आए। वहीं मृतक अनिल के मामा अतरवीर सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शिनाख्त की। पोस्टमार्टम हाउस में डाक्टरों के देर से आने पर जवानों ने नाराजगी जताई।
जब डाक्टर काफी देर तक नहीं आए तो जवानों ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी मंजिल सैनी ने इकदिल एसओ को तत्काल मौके पर भेजा। इकदिल एसओ श्रीधर सिंह ने पोस्टमार्टम स्थल पर पहुंचकर जवानों को शांत कराया और डाक्टर से बात कर पोस्टमार्टम किए जाने को कहा। कुछ देर बाद डाक्टर आए और पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के बाद बीएसएफ के जवान व उसके परिजन शव को लेकर रवाना हुए।