चकरनगर। थाना क्षेत्र के तकिया मोहल्ले में निर्माणाधीन बरातघर को मदरसा बनाए जाने की आशंका को लेकर मंगलवार को कस्बे में हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर एसडीएम कार्यालय ले गई। निर्माण कार्य पर भी रोक लगा दी।
कस्बा तकिया मोहल्ला और नगला चौप गांव में मुस्लिम समाज के बच्चों को हिंदी, उर्दू व कुरान की शिक्षा देने के लिए कानपुर से आए एक हाफिज द्वारा निजी मकान में पढ़ाई कराई जा रही है। तकिया मोहल्ले में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह कार्यक्रमों के लिए एक बरातघर का निर्माण कराया जा रहा है।
इसी बीच कुछ लोगों को संदेह हुआ कि भवन को बिना अनुमति मदरसा के रूप में तैयार किया जा रहा है। इस पर आरएसएस और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा सहित पुलिस टीम पहुंच गई। मौके से नसीब खां को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्हें एसडीएम ब्रह्मानंद सिंह कठेरिया के समक्ष पेश किया। एसडीएम ने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के तीन लोगों से पूछताछ की गई है।
स्पष्ट किया कि भवन का निर्माण बरातघर के रूप में ही किया जा रहा है। हिदायत दी गई है कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के कोई निर्माण नहीं होगा। एसडीएम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभी तक यह अफवाह लग रही है। आगे जांच की जा रही है।