इटावा। अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक के विरोध करने पर पिकप चालक समेत अन्य लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजनों ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना बढ़पुरा के गढ़िया मुलूसिंह निवासी परमल सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसका भाई जीतू सिंह (35) रविवार शाम चार बजे भट्ठे से ईंट लेने बाइक से जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान मिहौली निवासी कुछ लोग पिकप से लकड़ी काटकर ले जा रहे थे। उन्होंने जीतू की बाइक में टक्कर मार दी।
जीतू ने इसका विरोध जताया तो आरोपियों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट कर दी। एक ने पिकअप में रखी कुल्हाड़ी से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे जीतू लहूलुहान हो गया। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घायल का मेडिकल करवाया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिल गई है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।