महेवा विकास खंड के कोठी शेरपुर के सामने सिक्सलेन हाईवे पर पुल निर्माण कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। बुधवार को क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों लोगों ने कचहरी में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
ज्ञापन में मांग पूरी न होने पर 15 फरवरी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। ग्राम कोठी शेरपुर, शेरपुर, मतिरामपुर, कछपुरा, नगला खादर, बोझा, नौधना, नगरिया बुजुर्ग, नागरी लोलपुर, नगला टूटा, अहेरीपुर, सुनवर्सा, सरैया, बल्लमपुर से आए ग्रामीणों ने बताया कि इन गांवों के लोग बकेवर अहेरीपुर दो किलोमीटर रास्ता तय करके सिक्सलेन हाईवे से जुड़ते हैं।
इस लिंक मार्ग को सिक्सलेन हाईवे से जोड़ने वाले कट को निर्माण एजेंसी ने बंद कर दिया है। कई गांवों के किसानों की खेती सड़क की दूसरी तरफ है। बाजार करने के लिए भी उन्हें सड़क तक जाना पड़ता है। परंतु अब रास्ता अवरुद्ध होने से लोगों को 4 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ता है।
सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। उन्हें स्कूल जाने के लिए 4 किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान आदेश तिवारी, प्रधान विनीश प्रभा, प्रधान अरविंद कुमार, बीडीसी पवन त्रिपाठी के साथ आए सैकड़ों ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या का समाधान कोठी शेरपुर के सामने सिक्सलेन हाईवे पर पुल बनाकर किया जा सकता है।
यदि यहां पुल बन जाए तो लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। अब ग्रामीणों ने फैसला लिया है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई 15 फरवरी से ग्रामीण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
सपा विधायक सुखदेवी वर्मा एवं भाजपा सांसद प्रतिनिधि अशोक दोहरे के प्रतिनिधि गोपाल मोहन शर्मा ने भी ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया है।