कस्बे में खटखटा बाबा की कुटी परिसर में बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ बसंत महोत्सव प्रारंभ हो गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुई। बैंडबाजों के साथ निकाली गई इस शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया।
यह शोभायात्रा खटखटा बाबा कुटी परिसर से प्रारंभ हुई । होमगंज, नगर पालिका, बड़ा चौराहा, सदर बाजार, छोटा चौराहा, पंसारी बाजार, कैला गमा देवी मंदिर, लोहामंडी, जैन बाजार, कटरा बिल्लोचियान होते हुए ऐतिहासिक बिलैया मठ पहुंची।
इसके उपरांत फक्कड़पुरा, कटरा पुख्ता, कटरा बुलाकीदास होते हुए वापस गंतव्य स्थल पर समाप्त हुई। इस शोभायात्रा में सिर पर कलश लिए महिलाओं व पुरूषों के पीछे एक भव्य रथ पर सवार होकर कथा व्यास स्वामी प्रकाश चैतन्य महाराज, कार्यक्रम आचार्य श्री प्रकाश द्विवेदी चल रहे थे।
आगे-आगे बैंड की करणप्रिय धार्मिक स्वर लहरियां गुंजायमान करते हुए चल रहा था। शोभायात्रा में शामिल नौजवान खटखटा बाबा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान भी शामिल रहे।