बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से तबाह हुए किसानों को उचित मुआवजे की मांग करते हुए भाजपा नेताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। जुलूस की शक्ल में कचहरी पहुं्चे भाजपाइयों ने पहले धरना दिया फिर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
नेताओं ने कहा कि किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं। इसके बावजूद उनको उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। प्रदेश में सड़क पर पिटने वालों को जेल भेजा जा रहा है। ज्ञापन में किसानों को उपज के समान मुआवजा देने, बिजली दर की बढ़ोत्तरी वापस लेने की मांग की गई।
इसके अलावा कहा गया कि प्रदेश में आम जनता पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, महिलाओं के साथ लूटपाट की घटनाएं बढ़ गई हैं, हाईवे पर बने पुलों के ऊपर से रोडवेज की बसें गुजर जाती हैं जिससे लोगों को बसें नहीं मिल पा रही हैं। घरेलू उत्पाद, छोटे-बड़े वाहन, खाद आदि पर भारी कर लगा दिया गया है, इनको करमुक्त किया जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा के नेतृत्व में ज्ञापन देने वालों में डॉ. रमाकांत शर्मा, प्रमोद अग्रहरि, शरद बाजपेयी, बबलू मिश्रा, दिनेश सिंह, मोहित शर्मा, अरुणेश दीक्षित, शोभा डे, इंद्रेश दीक्षित, विकास भदौरिया, हरी नारायण, वीरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।