भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के इटावा सदर तहसील संगठन की ओर से रामलीला रोड स्थित सविका आश्रम स्थित संगठन कार्यालय परिसर में योग कक्षाओं का आयोजन सुबह के वक्त किया जा रहा है। प्रतिदिन भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग यहां पहुंचकर योग कर रहे हैं।
योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक सविका धर्मलाल चतुर्वेदी ने बताया कि गत 8 फरवरी से सविका आश्रम में नियमित रूप से सुबह साढ़े पांच बजे से सात बजे तक योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हो रहा है।
रविवार को विशेष प्रशिक्षण के लिए शिव किशोर दुबे एडवोकेट, केशव सिंह, नृपेंद्र सिंह चौहान, महेश सिंह यादव एवं श्रीमती नीलम दुबे ने योग साधकों को प्राणायाम, आसन-व्यायाम और ध्यान की क्रियाएं कराईं। साधकों ने भी अपने अनुभवों में बताया कि मात्र दस दिन की योगिक क्रियाओं से उन्हें स्वास्थ्य लाभ हुआ है।
श्री चतुर्वेदी ने कहा कि जीवन का पहला सुख निर्मल काया है, जो योग से ही मिल सकता है। इसीलिए बीमारियों से बचने के लिए नियमित योग कक्षा में आए और जीवन को सुखी एवं प्रसन्न बनाएं।
उन्होंने कहा कि योग शिक्षक डायबिटीज, हृदय रोग, बीपी, जोड़ों के दर्द, थायरायड, मोटापा, कमजोरी, दमा-अस्थमा आदि रोगों का योग-प्राणायाम और आसनों के माध्यम से उपचार भी बता रहे हैं। राजकुमार शर्मा, गौरव पाठक व धर्मलाल चतुर्वेदी योग प्रशिक्षण देंगे।