जिलाधिकारी से शिकायत करने जाते हरकुंजलपुर के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
हरकुंजलपुर ग्राम प्रधान और उनके पति पर फर्जी दस्तावेजों से वोट बनवाने के मामले में कार्रवाई न होने से क्षुब्ध सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी की चौखट पर फरियाद लगाई। जन सूचनाधिकार पर मामले में परिवार रजिस्टर की प्रति फर्जी पाए जाने पर भी कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी को भेजा गया।
ताखा तहसील की ग्राम पंचायत हरकुंजलपुर की ग्राम प्रधान विनीता देवी और उनके पति संजीव कश्यप पर कूटरचित दस्तावेजों का प्रयोग कर प्रधानी हासिल करने को लेकर बुधवार को ताखा के दो जिला पंचायत सदस्य राजकुमार चक और सुरेश लोकदल की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय आए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी नितिन बंसल को प्रार्थनापत्र देकर ग्राम प्रधान पर फर्जी परिवार रजिस्टर की नकल का प्रयोग कर वोट बनवाने के मामले में मुकदमा दर्ज करने और प्रधान के अधिकारों को तत्काल रोकने की मांग की है।
वहीं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया, जिसमें ताखा तहसील के अधिकारियों पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए शासन स्तर से जांच कराने की मांग की है । जिला पंचायत सदस्य सुरेश लोकदल का कहना था कि जानबूझकर मामले में कार्रवाई न करना न्याय का अपमान है। कचहरी में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में जिला पंचायत सदस्यों के अलावा जितेंद्र सिंह पाल, रमेश बाबू चौहान सहित छह सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र सौंपे।
जिलाधिकारी नितिन बंसल ने ग्रामीणों को न्याय का भरोसा दिलाया। वहीं हरकुंजलपुर ग्राम प्रधान और उनके पति पर फर्जी दस्तावेजों के प्रयोग के मामले में पीड़ित रमेश बाबू पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी नगला झावर और जितेंद्र सिंह पाल पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी भगवंतपुर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र सौंपा, जिसमें कूटरचित दस्तावेजों के प्रयोग करने पर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।