भरथना (इटावा)। टूंडला से चलकर कानपुर तक जाने वाले पैसेंजर ट्रेन को रेलवे प्रशासन ने कोहरे के कारण बंद कर दिया है। बुधवार को स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को जब ट्रेन के बंद होने की जानकारी हुई तो उन्होंने रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने रेलवे अफसरों से मांग की कि पैसेंजर के बंद होने से उन्हें परेशान होना पडे़गा, लिहाजा विकल्प के तौर पर किसी ट्रेन को ठहराव दिया जाए।
टूंडला से कानपुर के बीच चलने वाले 51810 पैसेंजर और कानपुर से टूंडला तक चलने वाली 51809 डाउन पैसेंजर को रेलवे प्रशासन ने कोहरे के चलते बंद कर दिया है। अप पैसेंजर 24 दिसंबर से 16 फरवरी तो डाउन पैसेंजर 23 दिसंबर से 15 फरवरी तक बंद रहेगी। बुधवार को ट्रेन यात्री रोज की तरह कानपुर जाने के लिए स्टेशन पर पहुंचे।
यहां उन्हें पता चला कि रेलवे ने कोहरे के चलते इस ट्रेन को बंद कर दिया है। इस पर यात्रियों का गुस्सा भड़क गया और वह हंगामा करने लगे। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर के कक्ष भी जाकर नारेबाजी की और विकल्प के रूप में किसी दूसरी ट्रेन का ठहराव दिए जाने की मांग की।
यात्री मंजूलता, शांतिदेवी, मोहित त्रिपाठी, अनूप गुप्ता, राहुल, गौरव, उमेश, मनीष, रोहित आदि का कहना था कि पैसेंजर ट्रेन के बंद होने से कानपुर के साथ ही अन्य स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।
स्टेशन मास्टर ने किसी तरह यात्रियों को समझाया, इसके बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ। स्टेशन अधीक्षक एमपी सिंह ने बताया कुछ लोग पैसेंजर ट्रेन के बंद होने पर किसी दूसरी ट्रेन के संचालन की मांग कर रहे थे। उन्हें समझा बुझाकर शांत करा दिया गया।