फोटो संख्या 28 चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : ETAWHA
शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चोखर कुआं मोहल्ला में रहने वाले नगर पालिका के ट्यूबवेल ऑपरेटर के बंद मकान में शनिवार रात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के कीमती कपड़े व नकदी पार कर दी।
रविवार सुबह लोगों ने उसके घर के मुख्य द्वार के दरवाजे का कुंडा देखा तो उसे फोन पर जानकारी दी। आनन-फानन में वह ससुराल मैनपुरी के करहल से पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चोखर कुआं मोहल्ला निवासी आबिद उर्फ गुड्डू खां पुत्र शमशाद खां शुक्रवार शाम को ससुराल मैनपुरी जिले के करहल में पत्नी व बेटी के साथ गया हुआ था।
रविवार सुबह पड़ोसियों ने उसके घर के मुख्य द्वार पर लगे गेट का कुंडा टूटा देखा तो उसको फोन पर जानकारी दी। सूचना पाकर उसका बड़ा भाई परवेज खां भी पहुंच गया और कुछ समय बाद गुड्डू खां भी आ गया।
उसने बताया कि चोर मुख्य द्वार के गेट का कुंडा तोड़कर अंदर दाखिल हो गए और सीढ़ियों के रास्ते ऊपर की मंजिल पर बने एक कमरे में बैग में रखे 10 हजार रुपये व दूसरे कमरे में रखे लगभग दो लाख रुपये कीमत के रेडीमेड कपड़े चुरा ले गए। उसने बताया कि वह रेडीमेड कपड़ों की बिक्री का काम करता था,
लॉकडाउन में काम बंद कर दिया था। घर से जो कपड़े चोरी हुए हैं वो दुकान बंद होने के बाद से यहां रखे थे। वर्तमान में वह नगर पालिका के पंप ऑपरेटर का काम करता है। पीड़ित की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बचन सिंह सिरोही ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई हैै, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।