पत्रकारों से वार्ता करते नगरपालिका परिषद के चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू।
- फोटो : अमर उजाला
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के खिलाफ पार्टी से निष्कासित किए जाने की कार्रवाई से उनके समर्थक खासे मायूस है। रामगोपाल को पिता तुल्य और राजनीतिक गुरु मानने वाले नगरपालिका परिषद के चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू ने इस कार्रवाई से आहत होकर सपा से नाता तोड़ने की घोषणा की है।
रविवार को पत्रकार वार्ता में चेयरमैन संटू गुप्ता ने कहा कि प्रो. रामगोपाल यादव ने अपना पूरा जीवन नेताजी मुलायम सिंह यादव को आगे बढ़ाने और पार्टी को मजबूत करने में लगा दिया। उनके खिलाफ झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाकर कार्रवाई की गई है। रामगोपाल यादव ने साफ कहा था कि वह पार्टी को बचाना चाहते हैं। दूसरे लोग पार्टी को तोड़ना चाहते हैं और उन्होंने ही नेताजी को भ्रमित किया है। इस कार्रवाई में नेताजी की कोई सहमति महसूस नहीं होती। कहा कि रामगोपाल यादव की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं रहा। ऐसे व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति पर झूठे आरोपों से पार्टी को मजबूती देने वाले हर नेता व कार्यकर्ता आहत है। चेयरमैन संटू ने कहा कि प्रो. रामगोपाल यादव के आशीर्वाद से ही 2012 में वह चेयरमैनी का चुनाव जीते थे। उन जैसा व्यक्तित्व मिलना बहुत मुश्किल है। उनको पार्टी से बेदखल किए जाने के विरोध में वह खुद भी पार्टी में नहीं रहना चाहते।