फोटो संख्या 36 पचनद पर सोमवार को साधु संत और श्रद्घालु करेंगे पवित्र स्नान
- फोटो : ETAWHA
चकरनगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर पचनद संगम पर दूरदराज के श्रद्धालुओं, साधु संतों का पहुंचना शुरू हो गया है। सोमवार को लाखों भक्त यहां डुबकी लगाएंगे। चारों तरफ मनोहारी धार्मिक वातावरण बना हुआ है। साधु संतों ने पचनद के किनारे अलग-अलग डेरा जमा रखा है।
पुलिस ने मुख्य मार्ग पर बैरीकेडिंग कर रखी है। पचनद परिसर के एक किलोमीटर के दायरे में किसी भी तरीके के अनावश्यक वाहन खड़े नहीं किए जा सकेंगे। थानाध्यक्ष बिठौली बलराज शाही ने बताया कि गाड़ियों को थाने के पहले ही रोकने की व्यवस्था की गई है। स्नान ध्यान के लिए भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसका पूरा प्रबंध किया गया है। संगम में स्नान के लिए पुलिस ने अलग-अलग घाटों का प्रबंध किया है। महिला पुरुष एक दूसरे के घाट पर नहीं जा पाएंगे। साधु संतों के लिए कुंड की समीप स्नान ध्यान की व्यवस्था की गई है। कार्यवाहक महंत किशोर वन ने बताया कि संगम परिसर में स्नान ध्यान से लेकर पूजा-पाठ आदि की संपूर्ण व्यवस्था सुव्यवस्थित रूप में की गई है । प्रात: काल भक्त डुबकी लगाएंगे। सभी से अपील है कि सोशल डिस्टेंसिंग का महामारी के चलते सभी लोग पूजा स्नान ध्यान में ध्यान रखें।
एसपी ग्रामीण ने की बैठक
एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने पचनद संगम पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर सर्किल पुलिस की थाना बिठौली में मीटिंग कर कड़े दिशा निर्देश दिए। घाटों का निरीक्षण करने के बाद मंदिर कमेटी से वार्ता की। उन्होंने चकरनगर भरेह सहसो हनुमंत पुरा बिठौली पुलिस को कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान ध्यान में सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान बरतने की हिदायत दी। (संवाद)
फोटो संख्या 37 पवित्र स्नान करने पहुंचे संतों ने पचनद किनारे जमाया डेरा- फोटो : ETAWHA