विकास खंड सैफई के गांव महाराजपुरा में चार माह पहले
बनाया गया खड़ंजा दबंग ठेकेदार जबरन उखाड़ रहे हैं। गांव वालों ने जब
उन्हें रोका तो जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती
पत्र भेजकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने
बताया कि चार महीने पहले ही क्षेत्र पंचायत सैफई की ओर से महाराजपुरा गांव
में खड़ंजा बनवाया गया था। कुछ दिन पहले दबंग ठेकेदारों ने अचानक खड़ंजा
उखड़वाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं खड़ंजा की ईंटें भी ले जाने लगे। गांव
वालों ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी।
ग्रामीणों का
कहना है कि जैसे तैसे गांव में खड़ंजा बना था, वह भी उखाड़ा जा रहा है।
इसके अलावा गांव में एक भी खड़ंजा नहीं बना है। नाली एवं खड़ंजा ध्वस्त
होने से गांव वालों के सामने फिर से जलभराव, गंदगी जैसी समस्यायें खड़ी
होंगी। इससे गली से निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।
गांव के अरविंद,
सुदीश कुमार, वीरेंद्र सिंह, मंटू सिंह, उम्मेद सिंह, महेश सिंह, नत्थू
सिंह, राजेंद्र, सुरेश कुमार, वीरपाल सिंह, पातीराम ने डीएम को शिकायती
पत्र देकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।