फोटो संख्या-09- गांव कंकालीपुरा की गली में भरे कीचड़ से निकलते ग्रामीण।
कंकालीपुरा गांव की गलियों में भरा है कीचड़युक्त पानी
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से की नाली व गली बनवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। केंद्र व प्रदेश सरकार भले ही विकास कार्य होने का दावा करे, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस है। कागजों में भले ही सड़क और नालियां बन गई हैं। लेकिन इसकी हकीकत विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत बहादुरपुर घार के मजरा कंकालीपुरा में उपेक्षा की शिकार गलियां और नालियां बयां कर रही हैं। यहां लोगों के घरों का गंदा पानी आम रास्ते पर बह रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
ब्लॉक क्षेत्र महेवा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बहादुरपुर घार मजरा के कई मोहल्लों में तो गलियां ही नहीं हैं। वहीं नाली न होने के कारण गंदा पानी आम रास्ते पर बहता रहता है। इससे लोगों को घर से निकलने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से काम कराने की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जबकि जिले के मुख्य विकास अधिकारी विकास कार्यों की ओर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। इसके बावजूद यह गांव विकास से आज भी अछूता दिख रहा है।
बरसात में वर्षा का पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे कीचड़ ही कीचड़ हो जाती है। ग्रामीणों के घरों का पानी भी इसी सड़क पर बहकर जाता है। इससे ग्रामीणों को गलियों से निकलने में भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। गांव कंकालीपुरा के बाशिंदों ने जिला प्रशासन से इस गांव की गली व नालियों का निर्माण कराए जाने की मांग की है।