प्रोजेक्ट आइना के तहत सिविल लाइन थाने में एसएसपी डॉ. राकेश सिंह ने लोगों की फरियाद सुनी। कई फरियादियों ने थाना पुलिस के मौजूदगी में ही एसएसपी के सामने पुलिस कार्यशैली की कलई खोल दी। सिविल लाइन थाने में लापरवाही मिलने पर एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
सिविल लाइन थाने में सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा के साथ एसएसपी ने उपस्थित लोगों की फरियाद सुनी और उनके मामलों में थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को जांचा। कुछ मामलों में फरियादी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं दिखे तो उन्होंने थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हत्या के प्रयास के एक मामले में वादी ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने की जानकारी दी। एसएसपी ने विवेचक इस संबंध में पूछताछ की। पता चला कि उनके द्वारा गिरफ्तारी के प्रयास भी नहीं किए गए।एसएसपी ने एसआई को फटकार लगाई और सीओ सिटी को जांच के आदेश दिए।
थाना पुलिस पर एसएसपी के सामने आरोप लगा कि मारपीट के एक मामले में अभी तक विवेचक एसआई संजय सिंह लापरवाही बरत रहे हैं। एसएसपी ने सीओ सिटी को निर्देशित किया कि वादिया व विवेचक को वह अपने कार्यालय में बुलाकर शीघ्र कार्रवाई करें।
प्रोजेक्ट आइना के तहत सीओ भरथना राघवेंद्र सिंह ने बकेवर थाने में, सीओ जसवंतनगर अनिल कुमार ने जसवंतनगर थाने में, सीओ सैफई ने वैदपुरा पर वादी को बुलाकर समस्या का समाधान किया।