प्रशासन और नगर पालिका ने शहर के विभिन्न मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार कर ली है। सबसे पहले राय जानने के लिए व्यापारियों तथा सभासदों की एक बैठक 9 फरवरी को दोपहर दो बजे नगर पालिका सभागार में बुलाई गई है।
बैठक की अध्यक्षता एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह करेंगे। बैठक के बाद किसी भी दिन महाबली गरजना शुरू हो जाएगा। बताया जा रहा है कि प्रशासन इस बार अतिक्रमण को लेकर कड़े कदम उठाएगा। शहर में अधिकांश मार्गों पर अतिक्रमण से लोगों को आवागमन में परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा है।
आधा दर्जन से अधिक चौराहों पर तो दिन के समय कई बार जाम लग जाता है। प्रमुख मार्गों पर स्थानीय दुकानदारों ने पांच-पंाच फीट तक अतिक्रमण कर रखा है। इसके बाद इतना ही स्थान दुकान के सामने खड़ी होने वाली बाइक घेर लेती हैं।
हाथ ठेला वालों के खड़े हो जाने के बाद वाहनाें का निकल पाना मुश्किल हो जाता है। नगर पालिका चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, बस स्टैंड तिराहा, काजी पेट्रोल पंप के सामने, रामगंज चौराहा, तहसील चौराहा, नया शहर चौराहा, भरथना चौराहा, पक्काबाग तिराहा पर दिन भर जाम लगा रहता है।
कई बार तो एंबुलेंस तथा अधिकारियों की गाड़ियां जाम में फंस जाती हैं। इन स्थानों पर ट्रैफिक को कंट्रोल रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकल पा रहा है। नौ माह के भीतर पालिका तथा प्रशासन के द्वारा चार बार अभियान चलाया जा चुका है, लेकिन अफसरों के पीठ फेरते ही हालात जैसे के तैसे हो जाते हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर इस बार फुलप्रूफ तरीके से अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अतिक्रमण अभियान चलाने से पहले पालिका सभागार में बैठक बुलाई गई है। बैठक में व्यापारियों, सभासदों की राय ली जाएगी। उनके सुझावों को अभियान में शामिल किया जाएगा।
इन सबके बाद सड़कों पर अवैध अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस बार दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर जुर्माना या सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।