राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशनकार्डों
के ऑनलाइन आवेदन में महेवा ब्लाक सबसे अव्वल है, जबकि सीएम अखिलेश यादव का
ब्लाक सबसे फिसड्डी है। अब तक जनपद के करीब 54 हजार लोगों ने ऑनलाइन आवेदन
किया है। महेवा ब्लाक क्षेत्र के 13860 लोगों ने राशनकार्डों के लिए ऑनलाइन
आवेदन किया है, जबकि सैफई ब्लाक के सिर्फ 1161 लोगों ने ही आवेदन किए हैं।
राष्ट्र्रीय
खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू करने की कवायद चल रही है। इसके लिए
कंप्यूटराइज्ड राशनकार्डों को बनाने का काम चल रहा है। एक तरफ लखनऊ एनआईसी
से प्राप्त परिवारों की सूची (सेस डाटा) से सर्वे हो रहा है तो दूसरी तरफ
लोग खुद ही ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के सेस डाटा
में 2 लाख 12 हजार परिवार दर्ज हैं, लेकिन इसमें खामियां भी हैं। परिवारों
का विवरण दुरुस्त नहीं है। एक परिवार में कई सदस्य हैं और वे अलग-अलग फार्म
भरना चाहते हैं।
सर्वे करने वाले उनको फार्म उपलब्ध नहीं कराते।
इन परेशानियों से बचने के लिए लोग ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। महज वोटर आईडी,
आधारकार्ड, मुखिया का बैंक खाता और दो फोटो से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता
है।
अब तक जिले में करीब 54 हजार लोग राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन
आवेदन कर चुके हैं। इसमें से 48384 का ब्लाकवार ब्यौरा उपलब्ध है। ग्रामीण
क्षेत्रों में सबसे अधिक महेवा ब्लाक में 13860, बसरेहर ब्लाक में 8938,
भरथना में 4414, जसवंतनगर में 4233, ताखा में 4185, बढ़पुरा में 3536,
चकरनगर में 2519 एवं सैफई ब्लाक क्षेत्र में सबसे कम 1161 लोगों ने ऑनलाइन
आवेदन किए हैं।
नगरीय क्षेत्र में इटावा नगरपालिका क्षेत्र में
सर्वाधिक 2690, भरथना नगर पालिका में 1969, लखना नगर पंचायत में 298, बकेवर
में 259, जसवंतनगर नगर पालिका में 248 और इकदिल नगर पंचायत क्षेत्र में 74
लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी
सत्यवीर सिंह ने बताया कि शासन भी ऑनलाइन आवेदन की पहल कर रहा है। इससे
परिवार के संबंध में प्रस्तुत विवरण में खामी रहने की गुंजाइश नहीं होती।
आवेदन स्वयं अपने परिवार के विवरण की फीडिंग पर नजर जमाए रहता है। ये आवेदन
लोकवाणी या जनसेवा केंद्रों पर कराए जा सकते हैं।