इटावा। बढ़पुरा थाना पुलिस ने शुक्रवार रात को चोरी के ट्रैक्टर-ट्राली के साथ एक आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद हुए हैं।
एएसपी सिटी रामयश सिंह पत्रकारों केा बताया कि 19 फरवरी की रात बढ़पुरा थाना क्षेत्र उदी मोड़ स्थित ध्रुवपाल सिंह का स्वराज ट्रैक्टर-ट्राली घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पुलिस ने तीन मार्च को चोरी का मुकदमा दर्ज किया था। एएसपी ने बताया कि बढ़पुरा थाना प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह रमी का वर गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर गाती गांव के तिराहे के पास चोरी की ट्रैक्टर और ट्रॉली लेकर जा रहे मध्यप्रदेश के भिंड जिले के फूफ थाना क्षेत्र के बहरी गांव निवासी शैलेंद्र यादव उर्फ कल्लू पुत्र सहदेव सिंह को पकड़ लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। शैलेंद्र का साथी भाग निकला। ट्रैक्टर-ट्राली दोनों ने 19 फरवरी की रात उदी मोड़ से चुराई थी। उसे बेचने जा रहे थे। एएसपी सिटी ने कहा कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।