पुलिस लाइन में परिवहन शाखा का निरीक्षण करते एसएसपी एन कोलांचि।
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। एसएसपी एन कोलांचि ने शुक्रवार को पुलिस लाइन की सड़क पर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्हाेंने ट्रेनिंग कर रहीं महिला आरक्षियों से उनकी समस्याओं के बारे में बात की। उन्होंने कोई समस्या नहीं बताई। बैरकों में रहन सहन अच्छा बताया। उन्होंने क्वाटर गार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपहृत महिलाओं की बरामदगी पर पुलिस कर्मी को 5000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। वादी को मुकदमे के परिणाम की जानकारी पोस्टकार्ड से भेजी जाएगी ।
उन्होेंने गार्ड पर सलामी लेने के बाद गारद कमांडर से पेट कम करने की हिदायत दी। खराब पडे़ डीएचएमडी को ठीक कराने के निर्देश दिए। परिवहन शाखा के निरीक्षण के समय एसआई एमटी को सभी गाड़ियों में मोबाइल चार्जर लगवाने एवं छोटी क्रेन खरीदने का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। परेड में सम्मलित होने आए आरक्षी अनिल कुमार, अखिलेश कुमार की बाइकों पर नंबर एवं नंबर प्लेट न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
दोनों बाइकें यातायात उपनिरीक्षक को अपने कब्जे में लेने के निर्देश दिए। प्रतिसार निरीक्षक को जर्जर आवास खाली कर अन्य आवास में शिफ्ट होने को कहा। उन्होंने कंट्रोल रूम में शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे सीसीटीवी की वर्तमान स्थिति तथा उनकी रिकार्डिंग चेक की। सीओ नगर से जब ये पूछा कि चेन स्नेचिंग और लूट की कितनी घटनाओं में सीसीटीवी मददगार साबित हुई तो वे इसका जबाव नहीं दे सके। कंट्रोल रूम के अंदर लगे एलईडी टीवी के संबंध में आरआई तथा कन्ट्रोल रूम प्रभारी को निर्देशित किया कि सीयूजी नंबर एवं 100 नंबर हर हालत में अटेंड होने चाहिए।
उन्होंने विवेचनाओं का निस्तारण करने तथा अपहृत महिलाओं की बरामदगी कराने पर जोर दिया। परेड में समस्त क्षेत्राधिकारी/प्रभारी निरीक्षक/ थानाध्यक्ष सहित 390 आरक्षी, 12 उपनिरीक्षक छह निरीक्षक, 22 रिक्रूट आरक्षी, 160 ट्रेनी आरक्षी और एक प्लाटून पीएसी शामिल रही।