खाद्य एवं प्रसंस्करण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश सरकार पर निशाना साधा। बोलीं, प्रदेश सरकार के सौतेले दखल ने कानून व्यवस्था को अपंग बना दिया है। इसकी वजह से सूबे की पुलिस अपराधियों के खिलाफ मजबूत कार्रवाई नहीं कर पा रही।
वह नई दिल्ली से कार से हमीरपुर जाते समय इटावा के बकेवर कस्बे में एक पेट्रोल पंप पर कुछ देर के लिए रुकीं थीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा के जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
बातचीत के दौरान हमीरपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही से छेड़छाड़ से तंग लड़की ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद भी शांतिपूर्वक प्रर्दशन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने पर पुलिस ने लड़की के घरवालों को ही पीट-पीटकर बेहाल कर दिया।
पुलिस की गोली से एक युवक की जान चली गई। अब पुलिस निर्दोषों के खिलाफ फर्जी मुकदमे लिखकर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस तरह से पीड़ितों की आवाज को दबाया जा रहा है।
साध्वी निरंजन ने मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये और घायलों को 10-10 लाख रुपये की सहायता देने के साथ मृतक आश्रित को नौकरी की प्रदेश सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि वह 900 लोगों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को अफसर हटवाएं।
इसके अलावा उन्होंनेे इटावा के मड़ैया निषाद निवासी अखिलेश निषाद की हत्या को लेकर भी प्रदेश सरकार पर आरोपों की बौछार कर दी। कहा कि सपा सरकार निषाद समुदाय का तिरस्कार कर रही है। अभी तक अखिलेश के परिवारवालों को सहायता नहीं दी गई है।
उन्होंनेे कहा कि किसान विरोधी अखिलेश सरकार ने केंद्र सरकार की ओर से किसानों को दी जाने वाली मुआवजा राशि का भी दुरुपयोग किया। किसानों को फसल का मुआवजा न देने से किसान टूट चुका है। गरीबी की वजह से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। समाजवाद की दुहाई देने वाला मुलायम परिवार संसार के अमीरों में से एक है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से 2017 के चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा ने जिले के हालात की उनको जानकारी दी।
इस अवसर पर विकास भदौरिया, हरनाथ सिंह, सावित्री कठैरिया, अरूण त्रिपाठी, शेखर चौहान, सौरभ पाल, बृजेष शर्मा, रवींद्र गुप्ता, बृजेष शर्मा, संतोष यादव, वीरेंद्र पाल, दया सागर दोहरे आदि मौजूद थे।