कोरोना से गुरुवार को जिले के एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन नए संक्रमित मिले। इसके साथ कोरोना से मरने वालों की संख्या 108 पहुंच गई है। छह संक्रमित स्वस्थ भी हुए।
सीएमओ डॉ.एनएस तोमर ने बताया कि शहर के बसंत विहार कालोनी निवासी 65 वर्षीय वृद्ध को बीमारी के चलते 28 मार्च को कानपुर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। 30 मार्च को आरटीपीसीआर जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
एक अप्रैल को वृद्ध की मौत हो गई। इस साल कोरोना से ये तीसरी मौत है। सीएमओ ने बताया गुरुवार को तीन नए कोरोना संक्रमित भी मिले हैं।
संक्रमितों में जिला अस्पताल कैंपस में रहने वाली 30 वर्षीय महिला, सैफई मेडिकल कालेज में कार्यरत 28 वर्षीय महिला और बसंत विहार निवासी 65 वर्षीय वृद्ध शामिल हैं।
छह संक्रमितों ठीक भी हुए हैं। 22 मार्च को पॉजिटिव आने पर इन सभी को होम आइसोलेट किया गया था। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 54 है।
गुरुवार को 1207 लोगों की एंटीजन और 1018 लोगों की आरटीपीसी जांच हुई।
जिला अस्पताल कैंपस में 30 वर्षीय महिला के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला अस्पताल के सभी चिकित्सकों एवं कर्मियों की कोरोना जांच की गई।
सीएमएस डा.एसएस भदौरिया ने बताया इमरजेंसी में डा.अमित गुप्ता, डा.संतोष, लैब टेक्निशियन तारिक व धर्मेंद्र ने जांच की। शुक्रवार को भी जांच की जाएगी।
जिले में अभी तक चार लाख 46 हजार 875 लोगों की कोरोना जांच की गई है। इनमें 5841 संक्रमित मिले और 5679 ठीक स्वस्थ हुए और 108 की मृत्यु हो गई। सक्रिय मरीज 54 बचे हैं।