ब्लाक पंचायत सभागार में आयोजित ग्राम प्रधान तथा बीडीसी सदस्यों की बैठक में सरकार की विभिन्न योजनाओं पर चर्चा के साथ-साथ कार्य योजनाओं व नए प्रस्ताव रखे गए। बैठक की कार्यवाही शुरू होते ही जन प्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में मनरेगा के तहत मजदूरों का भुगतान न किए जाने पर हंगामा किया। बाद में मनरेगा डीसी के समझाने पर शांत हुए और पिछली कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई। प्रधान व बीडीसी प्रतिनिधिओं ने सरकारी हैंडपंपों के रीबोर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कबीना मंत्री शिवपाल सिंह यादव के तहसील सभागार में पहुंचने पर ग्राम प्रधान संगठन तथा बीडीसी सदस्यों ने 51 किलो की माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्य अतिथि शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अधिकारी जनता की नहीं सुन रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे जनता की सुनें और उनकी समस्याओं का समाधान करने की कोशिश करें, नहीं तो उनकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। अधिकारियों को चाहिए कि जनता के साथ मिलकर काम करें। वर्तमान सरकार में अधिकारी सिर्फ बातें कर रहे हैं, इसके अलावा धरातल पर उनका कोई कार्य नहीं दिखाई दे रहा। आलू के दाम कम होने से किसान परेशान है, जबकि पिछली सपा सरकार में किसानों के हित के लिए कार्य किए गए थे तथा अधिकारी भी जनता की सुनते थे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में अधिकारियों के न सुनने पर उन्हें दंडित किया जाता था। अब वे बेलगाम हो गए हैं।
खंड विकास अधिकारी लाखन सिंह ने सरकार की प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना, स्वच्छ शौचालय, आजीविका मिशन योजना, कृषि सहकारिता पंचायत, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, विधवा-विकलांग एवं वृद्धा पेंशन, पेयजल, अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डों आदि योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर मनरेगा डीसी संजय कुमार व खंड विकास अधिकारी लाखन सिंह, एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह यादव आदि के अलावा प्रधान राजपाल सिंह यादव, कोमल सिंह यादव, बंटू यादव, अवधेश यादव, के अलावा पूर्व ब्लाक प्रमुख डा. बृजेश यादव, महाबीर सिंह यादव, राहुल गुप्ता, विनोद यादव, रामअवतार यादव, आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख अनुज मोंटी यादव ने तथा संचालन प्रधान राजेश यादव ने किया।
दाल, बाटी का लिया आनंद
शिवपाल सिंह यादव कस्बा स्थित सब्जी मंडी में खटखटा बाबा की कुटिया पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने खटखटा बाबा की मूर्ति पर पटका पहनाया तथा वहां पर दाल, बाटी भोज का भी आनंद लिया। इसके बाद वे नगर पालिका परिषद के सभागार में पहुंचे और अधिशाषी अधिकारी राम आसरे कमल से कस्बे के विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान सभासद राजीव यादव तथा प्रमोद गुप्ता ने कस्बे मे पेयजल समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर श्री यादव ने अधिशाषी अधिकारी को उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान कर अधिकारी राधा तिवारी तथा पालिका का स्टाफ मौजूद रहा।