इटावा। राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी ने विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनी। इस दौरान 15 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक मामले महिला उत्पीड़न व पेंशन से संबंधित रहे।
बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी ने प्राप्त सभी प्रकरणों पर नाराजगी जताकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का 15 दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण निदान किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में अधिकारियों से जनसुनवाई के दौरान इस मामले के बारे में पूछा जाएगा। इस दौरान पीड़ित महिला की शिकायत का निदान नहीं हुआ तो जिम्मेदार अफसर पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिख जाएगा। सदस्य पूनम द्विवेदी ने कहा कि सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए तत्पर है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने अफसरों से कहा कि महिलाओं की छोटी-बड़ी शिकायतों को गंभीरता से लें। यदि कोई महिला के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाता है, तो पीड़िता बेझिझक टोल फ्री नंबर या राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराएं, उन्हें निश्चित न्याय मिलेगा। इस मौके पर सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।