बसरेहर। इटावा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग को फोर लेन में तब्दील करने के प्रस्ताव पर काम शुरू हो गया है। इटावा से बेवर के बीच इस मार्ग पर पड़ने वाले कस्बों में सड़क किनारे रहने वालों को लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय मार्ग खंड ने नोटिस दिए हैं। फोर लेन करीब 20 से 25 मीटर तक चौड़ा बनाया जाएगा। बसरेहर में सड़क के किनारे रहने वाले भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस मिलने के बाद से दुकानदारों में हड़कंप मचा है।
बसरेहर कस्बा राष्ट्रीय मार्ग के किनारे पर बसा है। इसको भविष्य में फोर लाइन में बदलना है। इसको देखते हुए रोड के किनारे बने मकानों को हटाने के लिए राष्ट्रीय मार्ग खंड ने लोगों को नोटिस दिया है। विभाग ने सर्वे के बाद लोगों को नोटिस दिया है। इसमें बताया गया है कि उन लोगों ने अस्थाई रूप से अतिक्रमण किया है। कस्बा निवासी राहुल कुमार पुत्र राम सहाय, अतुल गुप्ता पुत्र सत्य प्रकाश के अलावा प्रेम शंकर पुत्र गया प्रसाद ने बताया कि उनकी दुकानें काफी पुरानी हैं। पहले भी रोड बनी तो उनकी दुकान को हटाने की किसी ने बात नहीं की है लेकिन अब नोटिस मिलने के बाद से वह लोग काफी परेशान हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिशासी अभियंता मुकेश चंद ने बताया कि बसरेहर से निकलने वाले रोड को फोर लेन बनना प्रस्तावित है। इसको फोर लेन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नाप जोख के बाद इन लोगों के मकान उसके दायरे में आ रहे हैं। इस कारण इन लोगों को नोटिस दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि करीब पचास-साठ लोगों को नोटिस दिए गए हैं।