निवाड़ीकला। तहसील भरथना क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्तियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। ब्लॉक महेवा की ग्राम पंचायत भरईपुर में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने नौ लोगों को नोटिस जारी किए हैं।
शिकायतकर्ता नरेंद्र चौधरी ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई थी। बीडीओ के निर्देश पर बीते 26 फरवरी को एडीओ पंचायत इंद्रपाल सिंह भदौरिया और क्षेत्रीय लेखपाल सैफ आलम की मौजूदगी में ग्राम पंचायत भरईपुर के दो प्रमुख तालाबों की पैमाइश कराई गई।
पैमाइश के दौरान मौके पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की पुष्टि हुई। शनिवार को ग्राम पंचायत की ओर से सेसू दोहरे, पूरन दोहरे, जीवाराम, लल्लू दोहरे, अजीत दोहरे, सतीश दिवाकर, राजवीर दोहरे, जवाहर दोहरे और कृष्ण औतार दोहरे को नोटिस दिए गए। पंचायत सचिव आदित्यदेव ने बताया कि इन नोटिसों की प्रतिलिपि उच्चाधिकारियों को भी भेज दी गई है। साथ ही सात दिन के भीतर भूमि से संबंधित वैध अभिलेख प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय सीमा में संतोषजनक साक्ष्य नहीं दिए गए, तो अतिक्रमण को अवैध मानते हुए हटाया जाएगा।