इटावा। होली पर्व पर हरियाणा से घर लौट रहे तीन युवकों की बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। आईटीआई ओवर ब्रिज के पास हुए इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया। तीनों महोबा जिले के रहने वाले थे।
महोबा जिले के थाना खन्ना क्षेत्र में स्थित सब्जी मंडी के पास रहने वाले राहुल कुमार (21) हरियाणा के रोहतक जिले में मजदूरी करते थे। उनके साथ गियुड़ी गांव के नीरज और दिलीप भी काम करते थे। होली त्योहार के चलते तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
शुक्रवार की देर रात फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के आईटीआई ओवरब्रिज पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। तीनों को सैफई आयुर्विज्ञान विवि रेफर कर दिया। यहां राहुल को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पर मृतक के पिता नवल किशोर, भाई अजीत कुमार और चाचा अरविंद कुमार सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।