इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे आरोपी के फिरोजाबाद वाले घर में गुरुवार शाम को कुर्की का नोटिस चस्पा किया। एक माह के अंदर कोर्ट में सरेंडर न करने पर पुलिस कोर्ट के आदेश पर कुर्की करेगी।
फ्रेंड्स कालोनी थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ ने बताया कि फिरोजाबाद के जसराना, नगला किन्नर गांव निवासी गौरव कुमार पिछले साल हुई लूट के मामले में फरार चल रहा है। वर्तमान में वह सिविल लाइन थाने से गैंगस्टर एक्ट का आरोपी भी है। मामले की विवेचना थाना प्रभारी गगन कुमार गौड़ ने की। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दे रही है लेकिन वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाग जाता है।
गुरुवार को कोर्ट के आदेश पर फ्रेंड्स कालोनी थाने से दरोगा रमाशंकर उपाध्याय व दरोगा शिव मोहन सिंह पुलिस टीम के साथ आरोपी गौरव के फिरोजाबाद स्थित घर पहुंचे। गांव में डुगडुगी बजाकर ग्रामीणों को आगाह किया। इसके बाद आरोपी के घर में कुर्की का नोटिस चस्पा किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के घर में कोई नहीं था। ग्रामीणों से आरोपी व उसके परिजनों के घर में आने पर पुलिस को सूचना देने की बात कही। बताया कि एक माह के अंदर आरोपी गौरव के कोर्ट में सरेंडर नहीं करने पर कुर्की की जाएगी।