चार चक्रों में होने वाले पंचायत चुनाव के पहले चक्र में ताखा व भरथना ब्लाक क्षेत्र की सीटों का चुनाव होगा। इसके लिए 25 सितंबर की सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी, जबकि नामांकन 28 सितंबर से शुरू होंगे। इसके लिए निर्वाचन और सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
पहले चक्र में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भरथना व ताखा की तीन-तीन सीटों के लिए चुनाव होने हैं। नामांकन पत्र कलक्ट्रेट स्थित एडीएम न्यायालय कक्ष से प्राप्त किए जा सकेंगे। इसी कक्ष में सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
इन दोनों ब्लाकों के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राजमणि मिश्रा को सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) बनाया गया है। इसी प्रकार क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए ताखा के आरओ इटावा नहर प्रखंड निचली गंगा नहर के एक्सईएन मुश्ताक अहमद और भरथना के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सुरेश चंद्र गुप्ता आरओ होंगे।
नामांकन पत्र का मूल्य और जमानत राशि
क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र का मूल्य 300 रुपये और जमानत राशि 2000 रुपये है। इस पद पर प्रत्याशी चुनाव प्रचार में अधिकतम 75 हजार रुपये खर्च कर सकता है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र का मूल्य 500 रुपये और जमानत राशि 4000 रुपये है।
इस पद का प्रत्याशी अधिकतम डेढ़ लाख रुपये तक चुनाव प्रचार पर खर्च कर सकेगा। यदि उम्मीदवार एससी, ओबीसी या महिला वर्ग से है तो उन्हें नामांकन पत्र और जमानत की निर्धारित धनराशि की आधी राशि देनी होगी। नामांकन पत्र नगद मूल्य देकर खरीदा जा सकेगा। जमानत की धनराशि ट्रेजरी चालान द्वारा बैंक या कोषागार में जमा होगा।
चालान फार्म आरओ या एआरओ से निशुल्क मिलेंगे। विशेष परिस्थितियों में नामांकन की जमानत राशि नगद भी जमा की जा सकेगी। प्रत्याशी को इसकी रसीद मिलेगी।