सराय जलाल फीडर के संविदा कर्मी लाइनमैन की मनमानी के चलते 48 घंटे कुड़रिया की बिजली ठप रही। कई लोगों के बिजली उपकरण भी फूंक गए। लाइनमैन को कई बार इसकी जानकारी दी गई, मगर कोई बिजली सही करने नहीं आया। अधिक वोल्टेज आने से हादसा हो सकता था। लाइनमैन की इस मनमानी से ग्रामीणों में आक्रोश है और लाइनमैन को फीडर से हटाने की मांग की है।
बकेवर बिजली घर में तैनात कुछ लाइनमैनों की मनमानी के कारण बकेवर क्षेत्र की जनता परेशान है। आए दिन लाइनों में फाल्ट से बिजली नहीं मिलती है। बकेवर बिजली घर के सरायजलाल फीडर के ग्राम कुड़रिया में रखे ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो जाने से गुरुवार को कुछ खराबी आ गई थी। इससे कुछ घरों में केवल फेस ही आ रहा था। कुछ में लाइट डिम थी। कई लोगों के घरों में अधिक वोल्टेज आने से उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फोन से सराय जलाल फीडर के लाइनमैन दी। सूचना के बाद भी लाइनमैन बिजली सही करने नहीं आया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी एसडीओ बकेवर भूप सिंह को दी। इस पर उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया, मगर लाइनमैन ने एसडीओ के आदेश को भी ठेंगा दिखा दिया। शुक्रवार को भी गांव कुड़रिया की बिजली सही नहीं की गई। जब शुक्रवार देर शाम को ग्रामीणों ने दोबारा एसडीओ को फोन कर लाइट सही न होने की बात बताई तो 48 घंटे बाद बिजली सही हो पाई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ग्रामीण से लाइनमैन को हटाए जाने की मांग की है। इस संबंध में जेई विद्युत बकेवर राजेंद्र सिंह से जानकारी करने पर उन्होंने बताया शिकायत के बाद निस्तारण का प्रयास किया जाता है। 48 घंटे तक लाइनमैन ने लाइट सही नहीं किया यह गलत है। इसकी जांच कराएंगे।