जसवंतनगर। मुझे किसी भी पद की लालसा नहीं है अब सिर्फ 2027 में प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनवाना ही लक्ष्य है। यह बात बुधवार को मोहल्ला रेल मंडी में एक कार्यकर्ता के आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कही।
शिवपाल ने कहा कि वह पहले भी प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और कैबिनेट मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी दी, उसे पूरी निष्ठा से निभाया इसलिए अब किसी पद की लालसा नहीं है। कहा कि सपा के शासनकाल में जनप्रतिनिधि जब शपथ लेते हैं तो जनता के हितों और सुविधाओं की रक्षा करने का वचन देते हैं। भाजपा सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विपक्ष को कोई महत्व नहीं देती और प्रशासनिक स्तर पर अनियमितताएं लगातार बढ़ रही हैं।
ठेकेदार से लेकर अधिकारियों तक की जेब गर्म करने में खर्च हो रहा सरकार का बजट। कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास कार्यों के लिए भले ही बड़ा बजट आवंटित कर रही हो, लेकिन धरातल पर उसका सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस दौरान डॉ. बृजेश यादव, राहुल गुप्ता, विनोद यादव, राजीव यादव, मोहम्मद एहसान, खन्ना यादव, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।