भरथना। आप कैमरे की नजर में हैं। यह संदेश सरकारी कार्यालयों के बाहर लिखे रहते हैं लेकिन ज्यादातर दफ्तरों में कैमरे खराब पड़े हैं।
तहसील में रोजाना अधिकारियों व अधिवक्ताओं का आना-जाना रहता है। बड़ी संख्या में प्रतिदिन फरियादी भी आते हैं। इसके बावजूद एसडीएम कार्यालय में लगे दोनों कैमरे पांच माह से खराब हैं। एसडीएम कुमार सत्यमजीत ने बताया कि कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे की खामी दूर कराकर जल्द शुरू कराए जाएंगे।
बिजली विभाग के एसडीओ कार्यालय में लगे कैमरे भी करीब छह माह से खराब हैं। यहां कई वारदातें भी हो चुकी हैं। इनका खुलासा कैमरे सही न होने की वजह से नहीं हो सका।
एसडीओ लव कुमार ने बताया कि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को जल्द ठीक कराया जाएगा।
वहीं नगर में ही बने उप डाकघर कार्यालय में आज तक सीसीटीवी कैमरे लगवाए ही नहीं गए हैं। यहां पर भी कई बार घटनाएं हो चुकी हैं। प्रभारी अधीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि कार्यालय परिसर में कैमरे लगाए जाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
बिजली दफ्तर से गायब हुए थे 30 हजार
29 जून को बिजली विभाग के एसडीओ कार्यालय के बाहर बिल जमा करने आए बकेवर के ग्राम खितौरा गांव निवासी अनिल कुमार की स्कूटी की डिकी से 30 हजार रुपये चोरी हो गए थे। सीसीटीवी कैमरे खराब होने की वजह से पुलिस घटना का सुराग नहीं लगा सकी थी।
डाकघर परिसर से हुई थी बाइक चोरी
21 नवंबर को उप डाकघर परिसर में खड़ी बाइक चोरी हो गई थी। गिरधारीपुरा निवासी विनोद कुमार दीक्षित किसी कार्य से आए थे और बाइक बाइक खड़ी कर अंदर गए, लेकिन कुछ देर बाद बाहर आने पर बाइक चोरी हो चुकी थी। सीसीटीवी कैमरा नहीं होने से घटना का सुराग नहीं लगा था।